State

वाइन शॉप संचालक समेत 35 पर कार्रवाई, 28,900 रुपए जुर्माना वसूला

खजूरी बायपास क्षेत्र में अवैध अहाते और दुकानों का निरीक्षण, 25 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त

भोपाल, 14 सितंबर। शहर में साफ-सफाई व्यवस्था में व्यवधान और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग व विक्रय के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। निगम अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में वाइन शॉप संचालक समेत 35 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 28,900 रुपए का जुर्माना और स्पॉट फाइन वसूला। इस दौरान 25 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन भी जब्त की गई।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर सोमवार को जोन क्रमांक 14 के अमले ने खजूरी बायपास क्षेत्र में संचालित वाइन शॉप, अवैध अहाते और अन्य दुकानों का निरीक्षण किया। यहां गंदगी फैलाने के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग और विक्रय पाया गया। निगम ने 14 प्रकरणों में 21 हजार रुपए का जुर्माना वसूला और 25 किलो प्लास्टिक जब्त की।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के दो मामलों में 6 हजार रुपए, थूकने के नौ मामलों में 900 रुपए, कचरा पृथक्करण नहीं करने पर दो मामलों में 200 रुपए और कचरा जलाने पर 100 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

खुले में शौच, सार्वजनिक स्थान पर स्नान, दुकान में डस्टबिन नहीं रखने और सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंकने के मामलों में भी कार्रवाई की गई। इन सभी मामलों को मिलाकर निगम ने 35 प्रकरणों में 28,900 रुपए की राशि वसूल की।

निगम का कहना है कि शहर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles