-एल्युमिनियम फॉयल लगे होने की आशंका पर काजू कतली एवं बंगाली मिठाई के नमूने लिए गए
भोपाल, 26 अक्टूबर. राजधानी में सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांच की गई. इस दौरान चुनाभट्टी स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार, संचालक सरमन राजपुरोहित के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान काजू कतली एवं बंगाली मिठाई पर लगी वर्क अत्यधिक चमकीली एवं आकर्षक दिखाई दी. वर्क को हाथ में लेकर रगडऩे पर उसके अपेक्षित रूप से न मिटने के कारण मिठाइयों पर चांदी की वर्क के स्थान पर एल्युमिनियम फॉयल लगे होने की आशंका उत्पन्न हुई. उक्त आशंका के दृष्टिगत काजू कतली एवं बंगाली मिठाई के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं.
-खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपील
दीपावली को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मिठाइयों का निर्माण एवं विक्रय करने वाले समस्त खाद्य व्यापारियों से अपील की जाती है कि मिठाइयों पर सजावट के लिए एल्युमिनियम फॉयल का उपयोग न करें. यदि मिठाइयों पर वर्क का उपयोग किया जाना आवश्यक हो, तो खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप शुद्ध चांदी की वर्क का ही उपयोग करें. वहीं, उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे बिना वर्क वाली मिठाइयाँ भी उचित मूल्य पर खरीदने को प्राथमिकता दें. मिठाइयों की गुणवत्ता एवं शुद्धता केवल चमकदार सजावट से नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षित निर्माण प्रक्रिया एवं उपयोग की गई सामग्री से सुनिश्चित होती है.
