एमवे इंडिया देशभर में बढ़ाएगी स्टोर्स का नेटवर्क, 3 से 4 साल में कई नए केंद्र खोलने की तैयारी

गुरुग्राम में ग्लोबल सीईओ माइकल नेल्सन ने नए एक्सपीरियंस सेंटर का किया उद्घाटन, ग्राहकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को जोड़ने पर जोर

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर। स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती से जुड़े उत्पादों की कंपनी एमवे इंडिया देश के प्रमुख बाजारों में अपने स्टोर्स का विस्तार करेगी। कंपनी ने अगले तीन से चार साल में अलग-अलग शहरों में कई नए स्टोर खोलने और मौजूदा स्टोर्स को नए स्वरूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों को उत्पादों की जानकारी देने के साथ डिस्ट्रीब्यूटर्स को कारोबार बढ़ाने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

एमवे के ग्लोबल प्रेसिडेंट और सीईओ माइकल नेल्सन ने गुरुग्राम में कंपनी के नए एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया। यह विस्तार कंपनी की दीर्घकालिक विकास रणनीति का हिस्सा है। कंपनी ने पिछले साल 100 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी, जिसमें स्टोर नेटवर्क का विस्तार भी शामिल था।

नेल्सन ने कहा कि भारत एमवे की वैश्विक विकास यात्रा का महत्वपूर्ण बाजार है। भारतीय उपभोक्ता अब स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती के लिए भरोसेमंद तथा विज्ञान आधारित उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं। कंपनी ऐसे केंद्र विकसित करना चाहती है, जहां ग्राहक उत्पादों को देख और समझ सकें तथा डिस्ट्रीब्यूटर्स से सीधे बातचीत कर सकें। इससे ग्राहकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच बेहतर संबंध बनाने में मदद मिलेगी।

देशभर में 85 से अधिक स्टोर

एमवे इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रजनीश चोपड़ा ने बताया कि कंपनी के देशभर में 85 से अधिक स्टोर हैं। पिछले कुछ महीनों में 14 से ज्यादा स्टोर नए खोले गए हैं या उन्हें नया स्वरूप दिया गया है। इनमें पुणे, कोलकाता, सिलीगुड़ी, इंफाल, भागलपुर, आनंद, अहमदाबाद, बोंगाईगांव, आगरा और नांदेड़ जैसे शहर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी महानगरों के साथ छोटे और मध्यम शहरों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। स्टोर्स को केवल उत्पाद बिक्री केंद्र के बजाय ग्राहकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच संवाद तथा जानकारी साझा करने के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

डायरेक्ट सेलिंग और उद्यमिता पर जोर

कंपनी के अनुसार, ये केंद्र ग्राहकों को उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त करने और डिस्ट्रीब्यूटर्स से सीधे बातचीत करने का अवसर देते हैं। एमवे का कहना है कि वह डायरेक्ट सेलिंग नेटवर्क को मजबूत करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही है।

भारत में अपने कारोबार के 30 साल पूरे करने की तैयारी कर रही कंपनी ने कहा कि वह आने वाले वर्षों में नवाचार, ग्राहकों के भरोसे और जिम्मेदार कारोबारी गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करेगी। कंपनी के मुताबिक, स्टोर नेटवर्क का विस्तार इसी दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है।

Exit mobile version