भोपाल में आबकारी विभाग की देर रात तक कार्रवाई, 26 प्रकरण दर्ज

होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच; देशी शराब, हाथभट्टी मदिरा और 1000 लीटर लहान जब्त
भोपाल। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने 25 अक्टूबर को जिले में विशेष अभियान चलाया। दूसरे दिन भी देर रात तक होटल और रेस्टोरेंट की जांच की गई। अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 26 प्रकरण दर्ज किए। वहीं, अवैध शराब के परिवहन और निर्माण से जुड़े मामलों में शराब, लहान और एक वाहन जब्त किया गया।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी शेखर लिखार की टीम ने भीम नगर की झुग्गी बस्ती से देशी प्लेन शराब के 52 पाव, कुल 9.36 बल्क लीटर, जब्त किए। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सीमा कशीसिया की टीम ने टीलाजमालपुर निवासी रमेश अडवाणी के पास से तीन पहिया यात्री ऑटो में ले जाए जा रहे देशी शराब के 40 पाव जब्त किए। वाहन और शराब की अनुमानित कीमत 1,02,600 रुपये बताई गई है।
आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने बगोनिया निवासी राहुल अहिरवार के पास से 600 मिलीलीटर हाथभट्टी मदिरा और 1000 लीटर लहान बरामद किया। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(फ) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी टीम ने बैरागढ़ क्षेत्र में इंदौर-भोपाल रोड स्थित होटल रौनक, पटेल, द आर्क, किंग्स, क्लब कबाना और बिग चिल की जांच कर कार्रवाई की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा की टीम ने एमपी नगर स्थित होटल दिल्ली दरबार, होटल वाइड, होटल एवेन्यू और अरेरा कॉलोनी के कुसीन कल्चर सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की।
विभाग के अनुसार, होटल और रेस्टोरेंट में देर रात तक नियमों के विरुद्ध शराब परोसने के मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। प्रतिष्ठान संचालकों को नियमों का पालन करने और निर्धारित समय के बाद अवैध रूप से शराब नहीं परोसने की हिदायत दी गई।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version