State

आचार्य श्री 108 समय सागर महाराज का भोपाल में ऐतिहासिक चातुर्मास, 19 जुलाई को होगा मंगल प्रवेश

विद्योदय तीर्थ में होगा चातुर्मास, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

भोपाल। जैन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आध्यात्मिक आयोजन के तहत आचार्य श्री 108 समय सागर महाराज का वर्ष 2026 का चातुर्मास भोपाल में आयोजित होगा। श्री दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट (पंजी.) भोपाल के तत्वावधान में यह चातुर्मास विद्योदय तीर्थ, एम.पी. नगर में संपन्न होगा। 19 जुलाई (रविवार) को आचार्य श्री अपने संघ के साथ भोपाल में मंगल प्रवेश करेंगे।

आचार्य श्री समय सागर महाराज, पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के परम शिष्य एवं नवाचार्य हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में आचार्य विद्यासागर महाराज का ऐतिहासिक चातुर्मास भी भोपाल में आयोजित हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा तत्कालीन राज्यपाल रामनाथ कोविंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया था।

इस वर्ष आचार्य श्री समय सागर महाराज के साथ 19 मुनिराज और 20 बाल ब्रह्मचारी भी भोपाल पहुंचेंगे। आयोजन समिति के अनुसार भोपाल सहित मध्यप्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों से 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है।

चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन धर्मसभा, प्रवचन, स्वाध्याय, पूजन, तप, आराधना, संस्कार शिविर, युवा एवं महिला प्रबोधन कार्यक्रम तथा विभिन्न आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे।

चातुर्मास व्यवस्था समिति एवं श्री दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट (पंजी.) भोपाल के अध्यक्ष पंकज जैन ‘सुपारी’ ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुनिसंघ के प्रवचन और धर्मसभा के लिए लगभग 20 हजार वर्गफुट का विशाल डोम, भोजनशाला के लिए 10 हजार वर्गफुट का पंडाल तथा मुनिसंघ के आहार के लिए 50 चौकों की व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए एम.पी. नगर और आसपास के जैन मंदिरों एवं धर्मशालाओं में भी व्यवस्थाएं की गई हैं।

आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से 19 जुलाई को आचार्य श्री के मंगल प्रवेश और चातुर्मास कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Related Articles