
भोपाल के विधोदय तीर्थ रानी कमलापति में आचार्य भक्ति एवं धार्मिक आयोजनों में उमड़े श्रद्धालु
भोपाल। विधोदय तीर्थ रानी कमलापति में विराजमान जैन आचार्य समय सागर महाराज के दर्शन एवं प्रवचनों के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आचार्य संघ के सान्निध्य में भगवान आदिनाथ का अभिषेक, शांतिधारा तथा अनंत गुणों की आराधना के साथ आचार्य भक्ति का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने देव, शास्त्र और गुरु की वंदना कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
आचार्य समय सागर महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर आत्मकल्याण की अपार शक्ति विद्यमान है, आवश्यकता केवल उसे जागृत करने की है। उन्होंने कहा कि संसार की प्रत्येक वस्तु का अत्यंत सूक्ष्म परिवर्तन होता है, जिसे सामान्य दृष्टि से देख पाना संभव नहीं होता। आत्मा भी सिद्धि के गुणों से परिपूर्ण है और साधना के माध्यम से उन शक्तियों का विकास किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विवेक, ज्ञान की परिपक्व अवस्था है। जैसे भोजन से भूख और पानी से प्यास शांत होती है, उसी प्रकार क्या, कब, कितना और किस ऋतु में ग्रहण करना चाहिए, यह विवेक का विषय है। सही निर्णय ही जीवन को संतुलित और सार्थक बनाता है।
धर्मसभा में आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि अनुशासन परिवार द्वारा आचार्य श्री के गुणों की वंदना की गई, जबकि मनोज चौधरी परिवार ने नवधा भक्ति के साथ आहार चर्या का लाभ प्राप्त किया।
सायंकालीन मंगल आरती एवं भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से आराधना की। कार्यक्रम में पंचायत ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज जैन, निर्माण संयोजक राकेश जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





