रेलवे स्टेशन पर जब्त पनीर के पांचों नमूने अमानक
भोपाल, 30 अक्टूबर. भोपाल रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जब्त किए गए 705 किलो पनीर के पांचों नमूने जांच में अमानक पाए गए हैं. खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दीपावली से पहले कार्रवाई करते हुए इस पनीर को आम लोगों तक पहुंचने से रोक दिया था. जांच रिपोर्ट आने के बाद मुरैना स्थित पनीर निर्माण इकाई और वहां की विभिन्न डेयरियों पर भी छापामार कार्रवाई की गई.
खाद्य सुरक्षा प्रशासन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेल मार्ग से बड़ी मात्रा में पनीर भोपाल लाया जा रहा है. इस पर टीम ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर करीब 7 क्विंटल 5 किलो पनीर जब्त किया था. पनीर के एनालॉग होने की आशंका के चलते इसके पांच नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए थे. जांच रिपोर्ट में सभी पांच नमूने अवमानक घोषित किए गए हैं.
विभाग के अनुसार, यह पनीर मुरैना की एक निर्माण इकाई से भोपाल भेजा गया था. इसके बाद भोपाल खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मुरैना कलेक्टर को जानकारी दी. उनके निर्देश पर वहां खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित निर्माण इकाई और विभिन्न डेयरियों की जांच कर कार्रवाई की.
दीपावली को लेकर विशेष अभियान
दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमें जिले में खाद्य पदार्थों की जांच और नमूने लेने की कार्रवाई कर रही हैं. विभाग का कहना है कि मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी.
