संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने विदिशा की गौशाला में हुनर की सराहना की, अन्य लोगों को जोड़ने की दी सलाह
भोपाल, 30 अक्टूबर। गोबर से दीये बनाकर आजीविका कमाने की पहल करने वाले विदिशा जिले के ग्राम बिछिया निवासी बारेलाल अहिरवार के हुनर की संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सराहना की। शुक्रवार को श्रीकृष्ण गौशाला के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने बारेलाल से मुलाकात कर उनके काम और आमदनी के बारे में जानकारी ली।
संभागायुक्त शर्मा ने गौशाला की व्यवस्थाओं, संचालन और प्रबंधन का जायजा लिया। इसी दौरान उनकी नजर परिसर में गोबर से दीये तैयार कर रहे बारेलाल अहिरवार पर पड़ी। उन्होंने उनके पास पहुंचकर आत्मीय चर्चा की और गोबर से दीये बनाने की प्रक्रिया, इन्हें तैयार करने में लगने वाले समय, बिक्री की दर तथा अब तक हुई कुल आमदनी के बारे में पूछा।
बारेलाल ने गोबर से दीये बनाने के अपने हुनर के माध्यम से आजीविका अर्जित करने की पहल की है। संभागायुक्त ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचारों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाने पर जोर
संभागायुक्त ने अधिक से अधिक लोगों को इस गतिविधि से जोड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गोबर का उपयोग उपयोगी उत्पाद बनाने में किया जाए, जिससे लोगों को अतिरिक्त आय का अवसर मिल सके।
उन्होंने गौशाला की गतिविधियों को आजीविका और रोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, वनमंडलाधिकारी हेमंत यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरभि तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
