गांधीनगर में 500 लीटर लहान बरामद, होटल-ढाबों की जांच कर देर रात शराब परोसने वालों को दी चेतावनी
भोपाल, 30 अक्टूबर। भोपाल जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। शुक्रवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब जब्त की और संबंधित लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत प्रकरण दर्ज किए।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में तथा कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घरों से अवैध शराब जब्त
मदर इंडिया कॉलोनी निवासी राधा बाई के घर से अवैध रूप से संग्रहित 95 पाव देशी शराब बरामद की गई। विभाग ने शराब जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 45 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
एक अन्य टीम ने बैरागढ़ जैन मंदिर के पास रहने वाले कन्हैया खुशलानी के घर से अवैध देशी शराब जब्त की। उनके खिलाफ धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके साथ ही बैरागढ़ क्षेत्र के होटल और ढाबों की जांच की गई।
करोंद और गांधीनगर में भी कार्रवाई
आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने करोंद क्षेत्र में भानपुर ब्रिज के पास स्थित होटल सिगड़ी में राहुल तोमर के कब्जे से 3.2 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की। इस मामले में धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
गांधीनगर की नई बस्ती में दबिश के दौरान 500 लीटर लहान बरामद किया गया। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(फ) के तहत कार्रवाई की गई।
देर रात शराब परोसने वालों को चेतावनी
अभियान के दौरान होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ अवैध रूप से मदिरापान करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। विभाग ने देर रात तक अवैध रूप से शराब परोसने वाले स्थानों पर जांच कर संचालकों को ऐसा नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और मदिरापान पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सघन गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
