19 दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित, नजीबाबाद में जल्द खुलेगा खाद वितरण केंद्र
भोपाल, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत बैरसिया तहसील के ग्राम हर्राखेड़ा स्थित पीएम श्री शासकीय अरविंद भार्गव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में अलग-अलग विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी भी दी।
विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने की अभिनव पहल है। सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगल क्लिक के माध्यम से बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के करीब 50 हजार किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि अंतरित की है। हर्राखेड़ा में नवीन घाट का निर्माण पूरा हो चुका है। भोपाल-बैरसिया फोरलेन की डीपीआर तैयार हो गई है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने और हर्राखेड़ा व दिल्लोद समितियों के परिसीमन की जानकारी भी दी।
19 दिव्यांगों को मिले सहायक उपकरण
शिविर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने 19 दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें तीन बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, दो व्हीलचेयर और सात ट्राइसाइकिल सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। स्वामित्व योजना के तहत पात्र ग्रामीणों को अधिकार अभिलेख भी दिए गए। राजस्व संबंधी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने की बात कही गई।
नजीबाबाद में खुलेगा खाद वितरण केंद्र
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए नजीबाबाद में जल्द नया खाद वितरण केंद्र शुरू किया जाएगा। ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा एलआईसी और डाकघर की उपयुक्त बीमा एवं बचत योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देने और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विद्यार्थियों को बताई एआई की उपयोगिता
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर ने विद्यालय की आईटी एवं आईसीटी लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उपयोगिता और तकनीक के माध्यम से सीखने के अवसरों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक देहात पंकज पांडे ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की। साथ ही ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के तहत युवाओं और ग्रामीणों से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
शिविर में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी, तीरथ सिंह मीणा, मोहन सिंह जाट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
