
भोपाल, 13 जुलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर निगम भोपाल द्वारा संचालित भौंरी आवासीय परियोजना में सोमवार को “प्रथम आओ-प्रथम पाओ” प्रक्रिया के तहत 50 हितग्राहियों ने अपने पसंदीदा आवासों का चयन किया।
नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में पात्र हितग्राहियों को आवास चयन की सुविधा दी जा रही है। इसी क्रम में भौंरी परियोजना के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की स्लम श्रेणी के उन हितग्राहियों को आवास चुनने का अवसर प्रदान किया गया, जिन्होंने अपने हिस्से की निर्धारित राशि पूर्ण रूप से जमा कर दी है।
इस प्रक्रिया के लिए कुल 62 हितग्राहियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 50 हितग्राही परियोजना स्थल पर उपस्थित हुए और अपनी पसंद के आवासों का चयन किया।
आवास चयन के बाद हितग्राहियों ने परियोजना स्थल पर जाकर आवासों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश हितग्राही आवासों की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं से संतुष्ट दिखाई दिए। कई हितग्राहियों ने अपना पक्का घर मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार “प्रथम आओ-प्रथम पाओ” व्यवस्था से हितग्राहियों को अपनी पसंद के अनुसार आवास चुनने का अवसर मिलता है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान लगातार जारी है।





