भोपाल, 27 अक्टूबर. शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है. मंगलवार को निगम के जोन क्रमांक 16 की टीम ने अयोध्या बायपास रोड स्थित शारदा नगर में गंदगी फैलाने वाले कबाड़ी से 4 हजार रुपए का स्पॉट फाइन वसूला. निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है. इसी दौरान अयोध्या बायपास क्षेत्र में जांच के दौरान पाया गया कि शारदा नगर में कबाड़ का व्यवसाय करने वाले राजू द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाई जा रही थी. इस पर निगम अमले ने कार्रवाई करते हुए उनसे 4 हजार रुपए का जुर्माना वसूला. कार्रवाई के बाद निगम कर्मचारियों ने संबंधित कबाड़ी को समझाइश दी कि वह कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखे और गीला व सूखा कचरा अलग-अलग कचरा वाहनों को ही सौंपे। निगम ने शहरवासियों और व्यवसायियों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
शारदा नगर में गंदगी फैलाने वाले कबाड़ी पर 4 हजार का जुर्माना
