State

341 मंदिर समितियों का हुआ सम्मान

दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की मंदिर समितियों के पदाधिकारियों और पुजारियों को शॉल, श्रीरामचरितमानस व प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए

भोपाल, 13 सितंबर। सूरज जनउत्थान सामाजिक संगठन (सजस), भोपाल द्वारा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की 341 मंदिर समितियों के सम्मान समारोह का आयोजन समन्वय भवन (सुभाष यादव), अपेक्स बैंक, मालवीय नगर, न्यू मार्केट में किया गया। विधायक भगवानदास सबनानी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में शुरू हुई यह पहल लगातार दूसरे वर्ष आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना से हुआ। समारोह में श्री रामकिशोर द्वाराचार्य निर्गुण दरबार, निर्गुण दरबार आचार्यबाड़ पीठाधीश्वर महाराज, गुरुदेव श्री सुदेश शांडिल्य महाराज और परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पं. विष्णु राजोरिया का सान्निध्य प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा घाडगे सहित जनप्रतिनिधि, मंदिर समितियों के पदाधिकारी, पुजारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

भजन प्रस्तुति के दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद 341 मंदिर समितियों के पदाधिकारियों और पुजारियों को शॉल, श्रीरामचरितमानस और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों और श्रद्धालुओं के लिए फलाहार की व्यवस्था भी की गई।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य धर्म, संस्कार, सामाजिक सद्भाव और सनातन संस्कृति के संरक्षण में मंदिर समितियों के योगदान को सम्मान देना है। वक्ताओं ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के स्थल नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार, संस्कृति, सेवा और सामाजिक समरसता के केंद्र भी हैं।

Related Articles