दीपावली-छठ पर भोपाल मंडल से गुजरेंगी 24 स्पेशल ट्रेनें, प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाई सुरक्षा

भोपाल, रानी कमलापति, बीना, गुना और इटारसी स्टेशन पर आरपीएफ की निगरानी; टिकट के लिए एटीवीएम की सुविधा भी उपलब्ध
भोपाल। दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल से नवंबर में 24 विशेष ट्रेनें (12 जोड़ी) चलाई जा रही हैं। ये ट्रेनें देश के अलग-अलग शहरों के लिए अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम भी किए हैं।
भोपाल, रानी कमलापति, बीना, गुना और इटारसी स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है। प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वार और स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।
टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की सुविधा चालू रखी गई है। यात्री इन मशीनों से स्वयं अनारक्षित टिकट ले सकते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के साथ सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।
ये 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
इनमें रानी कमलापति-दानापुर (01667/01668), रानी कमलापति-रीवा (02191/02192), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ (01123/01124), पुणे-गोरखपुर (01415/01416), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर (01079/01080), हडपसर-गाजीपुर सिटी (01431/01432), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस (01051/01052), सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (04212/04211), अजमेर-रांची (09619/09620), जोधपुर-चेन्नई बीच (04815/04816), उधना-प्रयागराज (04106/04105) और बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (02200/02199) शामिल हैं।
इन ट्रेनों का भोपाल मंडल के इटारसी, नर्मदापुरम, भोपाल, रानी कमलापति, बीना, विदिशा, गुना, रुठियाई सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से नियमों का पालन करने, सामान का ध्यान रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना आरपीएफ या रेल कर्मचारियों को देने की अपील की है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है।





