17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान होगा शुरू, भोपाल में जलेंगे आशीर्वाद के दीये

भोपाल, 15 सितंबर. जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान-2026 के तैयारियों की कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को समीक्षा की. बैठक में सभी विभागों को कार्यक्रम निर्धारित समय पर कराने के निर्देश दिए. अभियान में 13 प्रमुख राष्ट्रीय गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी 25 सेवा गतिविधियां होंगी. अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी. नगर निगम क्षेत्र में दीप जलाए जाएंगे. साथ ही जिले के शहर और गांव के नदी घाटों, मंदिरों, बांधों, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों पर भी दीप प्रज्ज्वलन होगा. सेवा चित्र के तहत विकसित भारत-2047 और सेवा कार्यों पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता होगी. 19 सितंबर को स्कूल स्तर, 22 को संकुल स्तर और 24 को ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता होगी. जिला स्तरीय प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण 25 से 30 सितंबर के बीच होगा. कॉलेज और नर्सिंग कॉलेजों में निबंध, सडक़ सुरक्षा और स्वच्छता पर कार्यक्रम होंगे. सेवा स्मरण के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से योजनाओं का प्रचार किया जाएगा. जिला स्तरीय मंचन 2 अक्टूबर को होगा. आंगन का मिलन 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में चलेगा. इसमें रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, पोषण और महिला स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम होंगे. सेवा ज्योति यात्रा में साइकिल रैली, बाइक रैली और मैराथन निकलेगी.विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतू शिविर लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही जगह दिया जाएगा.



