State

15 दिन में 54 चोरी के वाहन बरामद, वाहन चोरों पर पुलिस की कार्रवाई तेज

नरसिंहपुर में 11 बाइक, खरगोन में 11 और ग्वालियर में 8 वाहन मिले

भोपाल, 15 सितंबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ अभियान चलाकर पिछले 15 दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 54 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इनमें ट्रैक्टर, पिकअप, मोटरसाइकिल, कार और ट्रक शामिल हैं। पुलिस ने कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।

नरसिंहपुर के स्टेशनगंज थाना पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनसे सात मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ और करीब सात लाख रुपए कीमत की 11 बाइक बरामद की गईं। खरगोन में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

ग्वालियर के पनिहार, कम्पू और भितरवार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर आठ वाहन बरामद किए गए। इनमें स्विफ्ट डिजायर कार और मोटरसाइकिलें शामिल हैं। सीहोर में पांच और शिवपुरी में चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। सीहोर पुलिस ने सोशल मीडिया से मिली सूचना पर चोरी का ऑटो करीब एक घंटे में बरामद किया।

इसके अलावा उज्जैन में तीन वाहन, हरदा में वैगनआर, गुना में ट्रैक्टर, बुरहानपुर में पिकअप, कटनी में पिकअप, मुरैना में क्रेटा, भिंड में ट्रक सहित अन्य जिलों में भी चोरी के वाहन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद ली जा रही है।

Related Articles