State

जनसुनवाई में 128 आवेदन पहुंचे, दिव्यांग बुजुर्ग महिला को आर्थिक सहायता का आश्वासन

भोपाल, 22 जुलाई। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से जुड़े 128 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें भूमि पर कब्जा दिलाने, नामांतरण, पेंशन, सीवेज की समस्या, अवैध प्लॉटिंग समेत कई मामलों की शिकायतें शामिल रहीं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और कई मामलों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

जनसुनवाई में अपर कलेक्टर (आईएएस) सुमित पांडेय, एडीएम महेंद्र कवचे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

दिव्यांग बुजुर्ग महिला को आर्थिक सहायता का भरोसा

जनसुनवाई समाप्त होने के बाद एक दिव्यांग बुजुर्ग महिला आर्थिक सहायता के लिए आवेदन लेकर कलेक्टर के चेंबर पहुंची। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने महिला से बातचीत कर उसकी स्थिति की जानकारी ली और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कलेक्टर द्वारा इसी महिला को आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। महिला की दयनीय स्थिति को देखते हुए एक बार फिर सहायता दिलाने की पहल की गई।

मंदिर की भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग

बैरसिया स्थित श्री रामजानकी मंदिर खाकीवाला धार्मिक विकास समिति के अध्यक्ष जगदीश सारडा ने मंदिर को आवंटित भूमि का कब्जा दिलाने के लिए आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि ग्राम पंचायत देवलखेड़ा के अंतर्गत ग्राम अमरपुर स्थित मंदिर की आवंटित भूमि पर कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा कब्जा किए जाने से मंदिर के विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। कलेक्टर ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

सीवेज के गंदे पानी से परेशान रहवासी

बैरागढ़ के नंदा नगर निवासी देवेन्द्र प्रसाद ने सीवेज के गंदे पानी की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसियों द्वारा जल निकासी मार्ग पर अतिक्रमण कर शौचालय और सीवेज का गंदा पानी खुले में छोड़ा जा रहा है, जिससे उनके मकान की दीवारों और नींव में सीलन व दरारें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम और स्वच्छता ऐप पर कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Related Articles