हिंदी भवन में शपथ विधि कार्यक्रम, पेविंग ब्लॉक कार्य का भूमि पूजन भी हुआ
भोपाल, 14 सितंबर। मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति एवं हिंदी भवन न्यास की ओर से हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भवन परिसर में शपथ विधि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें साहित्यकारों, हिंदीसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकतम प्रयोग का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने हिंदी में हस्ताक्षर करने और हिंदी को व्यवहार एवं कार्य-व्यवहार की भाषा बनाने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद रघुनंदन शर्मा ने की, जबकि विधायक भगवानदास सबनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर हिंदी भवन परिसर में पेविंग ब्लॉक लगाए जाने के कार्य का भूमि पूजन भी किया गया। भूमि पूजन भगवानदास सबनानी, रघुनंदन शर्मा और मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के मंत्री-संचालक डॉ. विकास दवे ने किया।
रघुनंदन शर्मा ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, संवेदना और राष्ट्रीय चेतना की भाषा है। हिंदी का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब इसे दैनिक व्यवहार में सहज रूप से अपनाया जाए।
भगवानदास सबनानी ने कहा कि हिंदी के प्रति केवल भावनात्मक आग्रह पर्याप्त नहीं है। व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाना जरूरी है। हिंदी दिवस का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब हिंदी व्यवहार और कार्य-संस्कृति का स्वाभाविक हिस्सा बने।
डॉ. विकास दवे ने कहा कि भाषा के प्रति सम्मान केवल आयोजनों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता व्यवहार, हस्ताक्षर, कार्यालयीन कामकाज और दैनिक जीवन में दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी को जन-जन की व्यवहारिक भाषा बनाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी भवन परिसर के विकास और संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति देने सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, हिंदीसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
