प्रशासनिक सुविधा के लिए आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जारी किए आदेश, अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी तय
भोपाल। नगर निगम में प्रशासनिक कामकाज को व्यवस्थित करने के लिए आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अपर आयुक्तों के बीच विभागों और कार्यों का नया बंटवारा किया है। इसके तहत अलग-अलग अधिकारियों को विकास कार्यों, राजस्व, स्वास्थ्य, स्वच्छता, भवन अनुज्ञा, जनकल्याणकारी योजनाओं और वित्तीय मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के अनुसार अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा को सीवेज, जलकार्य, अमृत 2.0, झील संरक्षण और केंद्रीय भंडार की जिम्मेदारी दी गई है। अभिषेक सराफ को राजस्व, संपत्तिकर, प्रधानमंत्री आवास योजना, भवन अनुज्ञा, पार्किंग, फायर ब्रिगेड, कॉलोनी सेल और आईटी शाखा का काम सौंपा गया है।
अपर आयुक्त सुमित कुमार पांडेय को उद्यान, वृक्ष, सीएम हेल्पलाइन, विद्युत और संबंधित निगरानी कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। वरुण अवस्थी को सामान्य प्रशासन, स्थापना, पेंशन, विधि, जन्म-मृत्यु पंजीयन और निर्वाचन संबंधी काम दिए गए हैं।
अमन मिश्रा को स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य, अतिक्रमण और वेटरनरी शाखा की जिम्मेदारी मिली है। अभिषेक सिंह को सड़क मरम्मत, निर्माण कार्य, सांसद-विधायक निधि, जनसंपर्क और खेल शाखा का काम सौंपा गया है। दिनेश सिंह को जनकल्याणकारी योजनाओं, खाद्य, शिक्षा और परिषद संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। वरुण वडेरिया वित्त एवं लेखा विभाग का काम देखेंगे। आदेश में सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
