ईंटखेड़ी में सीमांकन के दौरान सामने आए अतिक्रमण के मामले
-जनपद उपाध्यक्ष पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप
भोपाल, 28 अक्टूबर. ईंटखेड़ी में बच्चों की पढ़ाई के लिए सुरक्षित शासकीय स्कूल की जमीन पर कथित अतिक्रमण और अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है. राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत की पहल पर खसरा नंबर 216, 200, 217, 48, 325 और 322 की कुल 1.24 हेक्टेयर जमीन का सीमांकन किया. यह जमीन जनपद पंचायत फंदा की तहसील हुजूर के अंतर्गत ग्राम पंचायत ईंटखेड़ी में स्थित है. ग्राम पंचायत के सरपंच हरि सिंह सैनी की पहल पर सीमांकन की कार्रवाई कराई गई. बताया गया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी काटे जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं. इसी के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की हद तय की.
मकान की नींव और सडक़ निर्माण के आरोप
राजस्व टीम के पंचनामे के अनुसार सीमांकन के दौरान सरकारी जमीन पर मकान की नींव डालने, सडक़ बनाने और निर्माण करने से जुड़े मामले सामने आए हैं. पंचनामे में हरिराम पिता राजाराम द्वारा मकान की नींव डाले जाने का उल्लेख है. वहीं, फिरोजा अहमद पति आरिफ हसन और सैयद अंसारी पर सडक़ निर्माण कराने तथा महताब खान और फनल मो. खान पर मकान बनाने के आरोप दर्ज किए गए हैं. हालांकि, इन मामलों में अतिक्रमण की अंतिम पुष्टि और संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय होना अभी बाकी है.
-सीमांकन के दौरान विवाद की स्थिति
सरकारी जमीन का सीमांकन करने पहुंची राजस्व टीम की कार्रवाई के दौरान विवाद होने की भी जानकारी सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है. इस दौरान विवाद की स्थिति बनने की बात कही गई है. अब सवाल यह है कि जांच में यदि सरकारी स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण और अवैध प्लॉटिंग की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, बच्चों की पढ़ाई के लिए सुरक्षित रखी गई जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रशासन कब कदम उठाएगा.
