भोपाल-इंदौर मेट्रो में 30 अक्टूबर से टिकट वेंडिंग मशीन की सुविधा

-30 सेकंड में मिलेगा टिकट
-दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए ब्रेल लिपि की व्यवस्था

भोपाल, 28 अक्टूबर. भोपाल और इंदौर मेट्रो के संचालित कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर 30 अक्टूबर से टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) की सुविधा शुरू होगी. इससे यात्री बिना टिकट काउंटर पर जाए स्वयं टिकट खरीद सकेंगे. मशीन से करीब 30 सेकंड में टिकट प्राप्त किया जा सकेगा. दृष्टिबाधित दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें ब्रेल लिपि की व्यवस्था भी की गई है. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, दोनों शहरों के प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं. टिकट लेने के लिए यात्री को मशीन पर बाय क्यूआर टिकिट विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन का चयन करना होगा. इसके बाद किराया स्क्रीन पर दिखाई देगा. यात्री यूपीआई ऐप से भुगतान कर टिकट प्राप्त कर सकेंगे. अब यात्री मोबाइल ऐप, टिकट काउंटर और वेंडिंग मशीन के जरिए टिकट ले सकेंगे. डिजिटल भुगतान के लिए यूपीआई, क्यूआर कोड और ई-वॉलेट की सुविधा भी उपलब्ध है.
-ई-वॉलेट रिचार्ज पर मिलेगा बोनस
मेट्रो यात्रियों को 31 दिसंबर 2026 तक विशेष छूट मिलेगी. सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त, रिटर्न टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 35 प्रतिशत छूट दी जा रही है. ग्रुप टिकट कम से कम दो यात्री मिलकर ले सकते हैं. ई-वॉलेट रिचार्ज पर राशि के अनुसार 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस भी मिलेगा. 20 रुपये के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत छूट लागू नहीं होगी.

Exit mobile version