-सीवेज लाइन पर कब्जे और वाहनों से रास्ता बाधित होने की शिकायत
-अनुमति निरस्त करने की मांग
भोपाल, 28 अक्टूबर. डीआईजी बंगला स्थित फिरदौस नगर कॉलोनी में मुख्य मार्ग पर करीब 2 हजार वर्गफीट के प्लॉट पर हायर सेकेंडरी स्कूल के निर्माण को लेकर विवाद हो गया है। रहवासियों ने अपर कलेक्टर और नगर निगम के अपर आयुक्त से शिकायत कर निर्माण रुकवाने और स्कूल की अनुमति निरस्त करने की मांग की है। रहवासियों के अनुसार, स्कूल संचालक धर्मेंद्र प्रधान ने पहले पास के मकान में प्राइमरी स्कूल शुरू किया था। अब पुराने मकान को खरीदकर वहां हायर सेकेंडरी स्कूल बनाया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान कॉलोनी की सीवेज लाइन पर कब्जा किया गया और कुछ पेड़ भी काटे गए। मोहम्मद आरिफ ने बताया कि स्कूल की वैन और बसें मुख्य मार्ग पर खड़ी होने से आवागमन बाधित होता है। इमरान खान के अनुसार, सीवेज लाइन पर अतिक्रमण से भी परेशानी हो रही है। रहवासियों का दावा है कि स्कूल में 700 से अधिक ब‘चों के प्रवेश से सुरक्षा संबंधी खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने निर्माण और अनुमति की जांच की मांग की है।
