स्कूटरों से कर रहे थे अवैध शराब की तस्करी, दो जगह दबिश में 27 बोतलें जब्त

घोड़ा नक्काश और पीएंडटी चौराहे पर कार्रवाई
-शराब व दो वाहनों समेत 1.81 लाख रुपये का माल जब्त
भोपाल, 28 अक्टूबर. शहर में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से विदेशी शराब की 27 बोतलें जब्त कीं. 27 अक्टूबर को हुई कार्रवाई में दोपहिया वाहनों से शराब ले जाते हुए लोगों को पकड़ा गया. शराब के साथ दोनों वाहन भी जब्त किए गए हैं. जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत 1.81 लाख रुपये बताई गई है. आबकारी विभाग की टीम ने घोड़ा नक्काश क्षेत्र में होंडा एक्टिवा से शराब ले जाते हुए चंचल साहू को पकड़ा. इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से भी शराब बरामद हुई. इस कार्रवाई में विदेशी शराब की 15 बोतलें और एक्टिवा जब्त की गई. इनकी अनुमानित कीमत 80,500 रुपये बताई गई है. दूसरी कार्रवाई पीएंडटी चौराहे के पास की गई. यहां ज्यूपिटर दोपहिया वाहन से विदेशी शराब की 12 बोतलें जब्त की गईं. शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1,00,500 रुपये आंकी गई है.
-होटल-ढाबों में भी जांच
अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने बैरागढ़ और करोंद क्षेत्र के होटल, ढाबों और भोजनालयों की भी जांच की. यहां अवैध रूप से शराब पिलाने और मदिरापान से जुड़े मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए. देर रात तक शराब पिलाने वाले संचालकों को नियमों का पालन करने और ऐसी गतिविधियां बंद करने की हिदायत दी गई.





