सोलह श्रृंगार, तीज के गीत और हंसी-ठिठोली से गूंजा किटी ग्रुप

पारंपरिक वेशभूषा में सजी सखियों ने मनाया तीज पर्व, छत्तीसगढ़ी संस्कृति की दिखी खूबसूरत झलक

रायपुर। हरियाली, सोलह श्रृंगार और तीज के पारंपरिक गीतों के बीच किटी ग्रुप की सदस्यों ने तीज पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया। तीज की थीम पर आयोजित समारोह में सखियां पारंपरिक परिधानों और आकर्षक श्रृंगार में नजर आईं। पूरे आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोक परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में ‘तीज का पारंपरिक रंग’ थीम आकर्षण का केंद्र रही। हरे रंग की साड़ियों, चूड़ियों, मेहंदी, बिंदी और पारंपरिक आभूषणों से सजी सखियों ने समारोह को उत्सवी रंग दे दिया। तीज के गीतों और लोक परंपराओं के साथ सखियों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर रुचि वर्मा, नेहा वर्मा, स्नेहा, अंजू, सोमवती साहू, रेखा चौहान, समता वर्मा, संगीता, चेतन ध्रुव, नीतेश्वरी साहू सहित किटी ग्रुप की अन्य सदस्यों ने उत्साह से हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान तीज के पारंपरिक गीत, गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। सखियों की हंसी-ठिठोली और मस्ती से माहौल खुशनुमा बना रहा। सभी सदस्यों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और समारोह को यादगार बनाया।

आयोजन के माध्यम से महिलाओं ने पर्व की परंपराओं को निभाने के साथ अपनी लोक संस्कृति से जुड़ाव भी महसूस किया। सखियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन त्योहार की खुशियों को बढ़ाने के साथ आपसी रिश्तों में भी अपनापन और मिठास बढ़ाते हैं। तीज की हरियाली, सोलह श्रृंगार की चमक और सखियों की खिलखिलाहट ने समारोह को खास बना दिया।

Exit mobile version