State

सामूहिक प्रयासों से बनेगा नशामुक्त समाज, युवाओं को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

टीटी नगर स्टेडियम में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा- ‘नशा ही नाश की जड़ है’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं

भोपाल। नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखने के उद्देश्य से बुधवार को टीटी नगर स्टेडियम में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी की उपस्थिति में युवाओं और नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसकी लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ पारिवारिक संबंधों, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से बचाना जरूरी है, ताकि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में कर सकें।

हर नागरिक निभाए जिम्मेदारी

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि ‘नशा ही नाश की जड़ है’ केवल नारा नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाला महत्वपूर्ण संदेश है। नशे की शुरुआत धीरे-धीरे व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करती है और इसका नुकसान पूरे परिवार को उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें युवा

कलेक्टर ने कहा कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को मिलकर नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करना होगा। युवाओं को खेल, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी है।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों और युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अभियान में सहभागी बनने की अपील की, ताकि सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

Related Articles