सड़क पर मलबा फैलाने पर मेट्रो ठेकेदार पर 10 हजार का जुर्माना

भोपाल। नगर निगम ने सड़क पर निर्माण मलबा फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 प्रकरणों में कुल 21 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। इसमें मेट्रो रेल निर्माण कार्य से जुड़ी आयरा एंटरप्राइजेज पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
निगम के रात्रिकालीन सफाई अमले ने बुधवार रात करीब 3 बजे रंगमहल के सामने निरीक्षण के दौरान डंपर से सड़क पर सीएंडडी वेस्ट फैलाया जाना पाया। इसके बाद संबंधित ठेकेदार से जुर्माना वसूलने के साथ मलबे की सफाई भी कराई गई।
वहीं, रायसेन रोड स्थित अप्सरा टॉकीज के पास बीकानेर स्वीट्स द्वारा खुले में खाद्य सामग्री फेंकने पर दुकान संचालक से 2 हजार रुपए वसूले गए। जोन क्रमांक 14 की टीम ने गंदगी फैलाने, मलबा डालने, डस्टबिन नहीं रखने, सार्वजनिक स्थान पर थूकने और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल के 18 मामलों में 9 हजार रुपए का स्पॉट फाइन किया। निगम ने लोगों से कचरा डस्टबिन में रखने और कचरा गाड़ी में ही डालने की अपील की है।





