State

शहर के प्रमुख स्थानों और सभी वार्डों में आज जलेंगे दीप

सेवा संकल्प अभियान के तहत शाम 7 बजे होंगे दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों के साथ निगम अधिकारी संभालेंगे व्यवस्थाएं

भोपाल, 16 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान ‘आशीर्वाद का दिया’ के तहत गुरुवार, 17 सितंबर को भोपाल के प्रमुख स्थानों के साथ सभी वार्डों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन होगा। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

निगम के अनुसार 74 बंगला, लिंक रोड नंबर-1, भानपुर खंती, वीआईपी रोड स्थित राजा भोज प्रतिमा, शहीद गेट, मनुआभान की टेकरी, रोशनपुरा चौराहा, शौर्य स्मारक, लालघाटी स्थित नमो वन, प्रेमपुरा घाट, रानी कमलापति प्रतिमा आर्च ब्रिज, बिरला मंदिर, एम्स, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, दुर्गा मंदिर गीतांजलि कॉम्प्लेक्स, ब्रिज कॉलोनी करोंद, मारवाड़ी रोड स्थित यूनानी शफाखाना, शब्बन चौराहा जहांगीराबाद, बोट क्लब, नर्मदा पार्क चौराहा, गौहर महल, रानी कमलापति महल कमला पार्क और बैरागढ़ बस डिपो सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम होंगे।

इन कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री, राज्यमंत्री, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद, महापौर, विधायक, निगम अध्यक्ष, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी और अलग-अलग स्थानों पर प्रभारी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।

Related Articles