वाइन शॉप संचालक समेत 56 लोगों पर कार्रवाई, 26,600 रुपए जुर्माना

गंदगी, सिंगल यूज प्लास्टिक और कचरा फैलाने वालों से स्पॉट फाइन वसूला

भोपाल, 15 सितंबर। शहर में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। निगम अमले ने वाइन शॉप संचालक समेत 56 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 26,600 रुपए का जुर्माना और स्पॉट फाइन वसूला।

निगम के जोन क्रमांक 14 और 15 के अमले ने इंद्रपुरी बी सेक्टर स्थित वाइन शॉप और अवैध अहाते समेत आसपास की दुकानों और क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान वाइन शॉप और अहाते में गंदगी तथा सिंगल यूज प्लास्टिक फैला मिला। इस पर संचालक से 5,000 रुपए का स्पॉट फाइन वसूला गया।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी और सीएंडडी वेस्ट फैलाने, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, कचरे का पृथक्कीकरण नहीं करने और सफाई व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ऐसे 55 प्रकरणों में 21,600 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

निगम ने कार्रवाई के दौरान लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक, डिस्पोजल और पानी के पाउच का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने के लिए भी कहा गया। निगम ने नागरिकों से दोनों प्रकार के कचरे को अलग-अलग कचरा वाहनों में देने की अपील की।

Exit mobile version