रोजीवे में अवैध उत्खनन पर दोबारा नोटिस, 40 लाख की पेनाल्टी की तैयारी

समतलीकरण की अनुमति का दुरुपयोग कर खनन का आरोप, 30 जून को तहसीलदार और खनिज विभाग ने की थी कार्रवाई
भोपाल, 26 अगस्त। हुजूर क्षेत्र के रोजीवे गांव में समतलीकरण के नाम पर किए गए कथित अवैध उत्खनन के मामले में जिला खनिज विभाग ने दोबारा कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने अवैध उत्खनन में शामिल बताए जा रहे दो से तीन लोगों को हाल ही में वसूली के नोटिस जारी किए हैं। जिला खनिज अधिकारी मेहताब सिंह रावत के अनुसार, अवैध उत्खनन करने वालों से नियमानुसार राशि की वसूली की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, मामले में 30 जून को हुजूर तहसीलदार और खनिज अधिकारियों ने कार्रवाई की थी। इसके बाद जिला खनिज विभाग के अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को दो बार सौंपी, लेकिन कलेक्टर ने रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए दोनों बार उसे वापस कर दिया था। इसके बाद दोबारा जांच कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।

15 एकड़ जमीन पर 40 हजार घनमीटर खुदाई का आरोप

बताया गया है कि रोजीवे गांव में स्थानीय किसान हरिचरण की करीब 15 एकड़ निजी भूमि को समतल करने के लिए खनिज विभाग से अनुमति ली गई थी। आरोप है कि इस अनुमति का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए पोकलेन मशीनों से करीब 40 हजार घनमीटर खुदाई कर दी गई। करीब दो महीने में लगभग 600 डंपर कोपरा निकालकर खुले बाजार में बेचने की बात जांच में सामने आई थी।

जांच के दौरान शैलेंद्र भदौरिया और शेखर पंवार के नाम सामने आए थे, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की गई। मामले में करीब 40 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाए जाने की बात सामने आई है। अब खनिज विभाग द्वारा जारी वसूली नोटिस के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version