बिना टिकट मिला 16 वर्षीय बालक, पूछताछ के बाद पिता के परिचित को सौंपा
भोपाल। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और संवेदनशीलता से घर से बिना बताए निकला 16 वर्षीय नाबालिग बालक सुरक्षित परिजनों तक पहुंच गया। घटना 11 सितंबर की है।
स्टेशन पर सुबह 6 से दोपहर 2 बजे की ड्यूटी के दौरान गाड़ी संख्या 12853 अमरकंटक एक्सप्रेस के समय एक नाबालिग बालक बिना टिकट मिला। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी रोहित रैकवाल ने उसे रोककर पूछताछ की। बालक के जवाबों पर संदेह होने के बाद उसे हेड टीसी कार्यालय लाया गया।
यहां ऑन ड्यूटी हेड टीसी मंजू पटेल और कर्मचारी मनीषा मालवीय ने बालक से उसके परिवार के बारे में जानकारी ली। बालक द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर उसके पिता से संपर्क किया गया। पिता ने बताया कि माता-पिता की डांट से नाराज होकर बालक घर से बिना बताए निकल आया था।
इसके बाद बालक के पिता ने अपने परिचित मोहम्मद सरफुद्दीन को स्टेशन भेजा। पहचान और संपर्क संबंधी जानकारी का सत्यापन करने के बाद बालक को पिता के अनुरोध पर उनके परिचित के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे कर्मचारियों की समय पर की गई कार्रवाई से बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका। भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने कर्मचारियों की सतर्कता, तत्परता और जिम्मेदाराना कार्य की सराहना की।
