रानी कमलापति–अगरतला स्पेशल में 23 जुलाई से एलएचबी कोच, यात्रियों को मिलेगी अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा
भोपाल। पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा सुविधा को बेहतर बनाने के लिए रानी कमलापति–अगरतला स्पेशल एक्सप्रेस में अत्याधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाने का निर्णय लिया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 01665 रानी कमलापति–अगरतला स्पेशल में 23 जुलाई 2026 से तथा 01666 अगरतला–रानी कमलापति स्पेशल में 26 जुलाई 2026 से एलएचबी रेक के साथ संचालन शुरू किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, मौजूदा आईसीएफ कोचों की जगह एलएचबी कोच लगाए जाने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा। एलएचबी कोच उन्नत तकनीक से निर्मित होते हैं और इनमें बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम, कम कंपन, अधिक स्थिरता तथा दुर्घटना की स्थिति में बेहतर सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं।
संशोधित कोच संरचना
नई रेक संरचना में सामान्य द्वितीय श्रेणी, एसी-3 टियर, एसी-3 इकोनॉमी, एसी-2 टियर, स्लीपर, गार्ड सह लगेज व ब्रेक वैन तथा जनरेटर कार शामिल रहेंगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और बेहतर सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस रेक का संचालन किया जाएगा।
पूर्वोत्तर जाने वाले यात्रियों को मिलेगा लाभ
पश्चिम मध्य रेल भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि यह कदम यात्रियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। रानी कमलापति से अगरतला के बीच संचालित इस ट्रेन में एलएचबी कोच लगाए जाने से मध्यप्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
एलएचबी कोच के प्रमुख लाभ
दुर्घटना की स्थिति में अधिक सुरक्षा।
बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम और कम कंपन।
अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव।
आधुनिक डिजाइन और बेहतर राइड क्वालिटी।
लंबी दूरी की यात्रा के लिए अधिक सुविधाजनक कोच।