राजा भोज एयरपोर्ट पर ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ शुरू

पहले दिन यात्रियों की मदद पर जोर, लोकनृत्य से किया स्वागत

भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट पर बुधवार को देशव्यापी ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ की शुरुआत हुई। 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर एयरपोर्ट परिसर में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), CISF, एयरलाइंस और अन्य कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद पहले दिन ‘यात्री सहायता’ को मुख्य विषय बनाया गया।

एयरपोर्ट की ‘May I Help You’ (MIHY) टीमों ने यात्रियों को टर्मिनल में प्रवेश से लेकर बोर्डिंग तक विभिन्न चरणों में मार्गदर्शन दिया। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग यात्रियों, पहली बार हवाई यात्रा करने वालों और विशेष सहायता की जरूरत वाले यात्रियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

यात्रियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर स्थानीय लोकनृत्य की प्रस्तुतियां भी हुईं। कलाकारों ने लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। यात्रियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

अभियान के दौरान एयरपोर्ट पर सेवा, सुविधा, सम्मान, स्वच्छता और सहयोग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर उनके अनुभव को अधिक सुविधाजनक और सहज बनाना है।

Exit mobile version