50 से अधिक प्रतिष्ठानों पर छापे, घी, पनीर, मावा समेत कई खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल
भोपाल। रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा 20 जुलाई से शुरू किया गया विशेष जांच अभियान अब समाप्त हो चुका है। अभियान के दौरान शहर के 50 से अधिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए घी, पनीर, मावा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। अब खाद्य सुरक्षा प्रशासन को इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमों ने अभियान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की आशंका को देखते हुए कई सैंपल लिए गए। सभी सैंपलों को जांच के लिए ईदगाह हिल्स स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार कुछ सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जबकि कई सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है। अधिकारियों को उम्मीद है कि शेष रिपोर्ट करीब 15 दिन में प्राप्त हो सकती हैं। रिपोर्ट आने के बाद प्रत्येक मामले की जांच कर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज सिंह पावक ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे और उन्हें तत्काल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। कुछ रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जबकि अन्य रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बंसल वन में भी हुई थी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कुछ दिन पहले नगर निगम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन परिसर स्थित बंसल वन भवन में संचालित बीयर बार और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया था। कार्रवाई के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर शिकायत और संदेह के आधार पर सैंपल लिए गए थे।
इस दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री जब्त किए जाने और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी की गई थी। लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट अभी लंबित है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
