State

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले में अब तक 59 संस्थानों का निरीक्षण

18 अधिकारियों की ड्यूटी, राशन दुकान से अस्पताल और आंगनवाड़ी तक व्यवस्थाओं की हो रही जांच

भोपाल, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले में शासकीय संस्थानों और जनसुविधाओं का मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में अभियान के लिए 18 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी निर्धारित प्रपत्र के अनुसार संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सेवाओं की जानकारी दर्ज कर रहे हैं।

अभियान के तहत राशन दुकानों, शासकीय अस्पतालों, छात्रावासों, स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और सेवाओं की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

एप से हो रही ऑनलाइन मॉनिटरिंग

निरीक्षण की प्रक्रिया District GIS Parakh Application के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारी आवश्यक जानकारी और फोटो एप पर अपलोड कर रहे हैं। इससे निरीक्षण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग की जा रही है।

अभियान के तहत 11 सितंबर को नगर पालिका परिषद बेरसिया का भी निरीक्षण किया गया था। जिले में अब तक कुल 59 निरीक्षण किए जा चुके हैं। जिला स्तर पर अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संस्थानों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles