
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा की मांग के समर्थन में जुटे कांग्रेस नेता, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता
भोपाल। भोपाल मास्टर प्लान 2031 लागू करने की मांग को लेकर रोशनपुरा चौराहे पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने 31 घंटे का उपवास शुरू किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, महेंद्र जोशी, गोविंद गोयल, अरुदेश्वर शरण सिंह समेत व्यापारी, समाजसेवी और अधिवक्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भोपाल के सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान 2031 तैयार किया गया था, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में जयवर्धन सिंह के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री रहते हुए मास्टर प्लान तैयार किया गया था।
मास्टर प्लान नहीं होने से विकास प्रभावित होने का दावा
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मास्टर प्लान लागू नहीं होने से राजधानी के रहवासी, व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। शहर में विकास कार्यों की योजना, व्यापार और रोजगार से जुड़े मामलों पर भी इसका असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल के व्यवस्थित विकास के लिए लंबे समय से मास्टर प्लान लागू करने की मांग की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर के विस्तार के साथ सड़क, यातायात, आवास, व्यावसायिक गतिविधियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए स्पष्ट योजना जरूरी है। मास्टर प्लान लागू होने से विकास कार्यों को दिशा मिलने के साथ व्यापार और रोजगार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मांग की गई कि राज्य सरकार भोपाल मास्टर प्लान 2031 को तत्काल लागू करने की दिशा में निर्णय ले, ताकि राजधानी का विकास सुनियोजित तरीके से हो सके और नागरिकों को सुविधाएं मिल सकें।
