महापौर मालती राय ने मंगलवारा क्षेत्र का किया निरीक्षण, गड्ढों की मरम्मत, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था के दिए निर्देश

गणेश प्रतिमा विसर्जन चल समारोह मार्गों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
भोपाल, 19 सितंबर। भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन चल समारोह को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर मालती राय ने शनिवार को मंगलवारा क्षेत्र में चल समारोह के मार्ग और स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मार्गों पर सड़क, बिजली, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने निरीक्षण के दौरान चल समारोह के मार्गों की स्थिति और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बारिश के दौरान सड़कों पर हुए गड्ढों की मरम्मत और मार्गों के समतलीकरण का काम जल्द पूरा कराने को कहा।
इसके साथ ही चल समारोह मार्ग और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि व्यवस्थाएं ऐसी हों कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात भी व्यवस्थित बना रहे।
उन्होंने अधिकारियों से चल समारोह के दौरान सुरक्षा और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन चल समारोह सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस शालिनी दीक्षित, नगर निगम के अधीक्षण यंत्री आरआर जरोलिया, कार्यपालन यंत्री अनिल ततवाड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





