State

मध्यप्रदेश में 10 दिन में 1.24 करोड़ की चोरी की संपत्ति जब्त

नर्मदा नल-जल योजना के पाइप से लेकर सोने-चांदी के आभूषण तक बरामद, कई जिलों में चोरी की वारदातों का खुलासा

भोपाल, 28 अक्टूबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने पिछले 10 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों और रेल पुलिस इकाइयों में कार्रवाई करते हुए चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री में नर्मदा नल-जल योजना के पाइप, सोने-चांदी के आभूषण, विद्युत तार, मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।

शाजापुर में 73.85 लाख के पाइप जब्त

अवंतिपुर बड़ोदिया थाना पुलिस ने नर्मदा नल-जल योजना के पाइप चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए 73 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

रीवा में 23 लाख की संपत्ति बरामद

समान थाना पुलिस ने शहर में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस ने सोना, नकदी और अन्य सामान सहित करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

रेलवे पुलिस ने भी खोले मामले

जीआरपी ग्वालियर ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली बैग चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर 8.26 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया। इसमें ट्रॉली बैग, लैपटॉप, चार मोबाइल, आईपैड, मॉनिटर और अन्य सामान शामिल हैं। जीआरपी रानी कमलापति ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की चार वारदातों का खुलासा किया और करीब चार लाख रुपये के मोबाइल जब्त किए। दोनों कार्रवाइयों में कुल 12.26 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।

अन्य जिलों में भी कार्रवाई

सीहोर के मंडी थाना क्षेत्र में एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर 6.55 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए। निवाड़ी के ओरछा क्षेत्र में घर में चोरी के मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। मुख्य आरोपी के पास से अवैध कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया।

बैतूल में खेतों के मोटर पंपों से कॉपर वायर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। देवास के बागली में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की दो घटनाओं का खुलासा किया और 1.44 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।

विदिशा के आनंदपुर में विद्युत तार चोरी के मामले में दो आरोपियों से 40,700 रुपये का सामान और नकदी जब्त की गई। वहीं मंदसौर के पिपलियामंडी में लहसुन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए प्रदेशभर में अभियान जारी है।

Related Articles