भोपाल में 1 से 5 नवंबर तक होगी पश्चिम मध्य रेल की राज्य स्काउट्स-गाइड्स रैली

तीन मंडलों के 400 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा, 4 नवंबर को होगा समापन समारोह
भोपाल। पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 9वीं राज्य रैली 1 से 5 नवंबर 2026 तक रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, हबीबगंज रेलवे कॉलोनी, भोपाल में आयोजित की जाएगी। इसमें पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय सहित भोपाल, जबलपुर और कोटा मंडलों के करीब 400 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स और यूनिट लीडर्स शामिल होंगे।
रैली के दौरान प्रतिभागियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, टीमवर्क और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुण विकसित करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागी अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और संगठनात्मक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
रैली का ग्रैंड कैंपफायर और समापन समारोह 4 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में सेवा, सहयोग, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देना तथा स्काउट्स एवं गाइड्स की संगठनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।





