भोपाल मंडल से गुजरने वाली तीन जोड़ी ट्रेनों के नंबर बदलेंगे

1 जनवरी 2027 से लागू होंगे नए नंबर, सुपरफास्ट से गैर-सुपरफास्ट श्रेणी में होंगी शामिल
भोपाल। रेलवे ने भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली तीन जोड़ी ट्रेनों को सुपरफास्ट से गैर-सुपरफास्ट श्रेणी में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत इन ट्रेनों के नंबर भी बदले जाएंगे। नए ट्रेन नंबर 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।
रेलवे के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-बनारस महानगरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर 22177 बदलकर 11093 और वापसी में ट्रेन नंबर 22178 बदलकर 11094 हो जाएगा।
इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट तुलसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर 22129 से बदलकर 11065 और वापसी में 22130 से बदलकर 11066 किया जाएगा।
वहीं, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर 12167 से बदलकर 11067 और वापसी में बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का नंबर 12168 से बदलकर 11068 हो जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय नए ट्रेन नंबरों का ध्यान रखें। ट्रेनों के संचालन और समय-सारणी से जुड़ी ताजा जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से प्राप्त करें।





