मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 83.97 लाख की ड्रग्स और वाहन जब्त

भोपाल, 11 अगस्त । मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पिछले पांच दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश के मंदसौर, नीमच, इंदौर, रीवा, उज्जैन और विदिशा जिलों में हुई कार्रवाई में 83 लाख 97 हजार रुपये से अधिक कीमत के अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त किए गए हैं।
मंदसौर में 23 लाख से ज्यादा की कार्रवाई
मंदसौर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में डोडाचूरा और अफीम बरामद की। अफजलपुर पुलिस ने दो आरोपियों से 62 किलो 840 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया। भावगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्करी के मामले में 3 किलो अफीम, बाइक और मोबाइल बरामद किया। सीतामऊ पुलिस ने 529 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा और महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की। तीनों मामलों में करीब 23.44 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई।
नीमच में 20.50 लाख की अफीम जब्त
रतनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और करीब 20.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इंदौर में MD ड्रग्स के साथ तीन गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। सुपर कॉरिडोर से 103.55 ग्राम MD ड्रग्स और बाइक, जबकि भंडारी ब्रिज के नीचे से 54.70 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। दोनों मामलों में करीब 17.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
रीवा, उज्जैन और विदिशा में भी कार्रवाई
रीवा में ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत लग्जरी कार से 1,410 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद हुई। उज्जैन में 33 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। वहीं विदिशा के गंजबासौदा में 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या भंडारण की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की है।





