State

AIIMS भोपाल ने मेडिकल उपकरणों की सुरक्षित उपयोगिता को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

भोपाल। AIIMS Bhopal के औषधि विज्ञान विभाग ने सीहोर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बमूलिया में मेडिकल उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और उनसे जुड़ी प्रतिकूल घटनाओं की रिपोर्टिंग को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग तथा रूमेटोलॉजी एवं क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी विभाग के सहयोग से हुआ।

औषधि विज्ञान विभाग मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए भारत के मैटेरियोविजिलेंस कार्यक्रम के तहत मेडिकल डिवाइस एडवर्स इवेंट मॉनिटरिंग सेंटर और क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

प्रतिकूल घटनाओं की रिपोर्टिंग पर जोर

अभियान के दौरान मैटेरियोविजिलेंस एसोसिएट आकाश ठाकुर और रेजिडेंट डॉ. संजय शुक्ला ने प्रतिभागियों को मेडिकल उपकरणों से जुड़ी प्रतिकूल घटनाओं और नियर-मिस घटनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाओं की समय पर रिपोर्टिंग मेडिकल उपकरणों की सुरक्षा निगरानी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उपभोक्ताओं को प्रतिकूल घटनाओं की रिपोर्टिंग के लिए उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी गई। इनमें मैटेरियोविजिलेंस कार्यक्रम की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-180-3024, मोबाइल ऐप और कंज्यूमर रिपोर्टिंग फॉर्म शामिल हैं।

स्वास्थ्यकर्मियों को भी किया जागरूक

कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों और लैब टेक्नीशियनों को भी मेडिकल उपकरणों से जुड़ी प्रतिकूल और निकट-चूक घटनाओं की रिपोर्टिंग के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को मेडिकल डिवाइस एडवर्स इवेंट रिपोर्टिंग फॉर्म के माध्यम से जानकारी साझा करने और नजदीकी मॉनिटरिंग सेंटर से संपर्क करने की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम में संवादात्मक जागरूकता सत्र और मेडिकल उपकरणों के सुरक्षित उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। अंत में प्रतिभागियों ने दवाओं और मेडिकल उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रतिकूल घटनाओं की रिपोर्टिंग मजबूत करने की शपथ ली।

Related Articles