भोपाल में पॉलीटेक्निक चौराहे का लेफ्ट टर्न होगा फ्री, जलभराव रोकने मिशन मोड में काम करेगा निगम

भोपाल, 11 अगस्त 2026। राजधानी में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने पॉलीटेक्निक चौराहे के लेफ्ट टर्न को पूरी तरह फ्री करने और वहां लगे गैंट्री को नियमानुसार शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मानसून के दौरान जलभराव से होने वाली यातायात समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम को जल निकासी और नालों की सफाई का काम मिशन मोड में पूरा करने को कहा गया है।
कलेक्टर ने ये निर्देश कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और बारिश के दौरान आवागमन को सुचारू रखने के उपायों की समीक्षा की गई।
ईटखेड़ी ओवरब्रिज पर सुरक्षा के इंतजाम
कलेक्टर मिश्रा ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को ईटखेड़ी ओवरब्रिज पर रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुल पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने को भी कहा गया, ताकि रात में वाहन चालकों को सड़क और मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
भोपाल-बैरसिया रोड पर रोड मार्किंग और रंबल स्ट्रिप
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने बैठक में शहर के लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पांडे ने भोपाल-बैरसिया मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए रोड मार्किंग, दिशा-सूचक साइन बोर्ड और रंबल स्ट्रिप्स लगाने का प्रस्ताव रखा। कलेक्टर ने संबंधित एजेंसियों को इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मानसून के दौरान जलभराव से यातायात प्रभावित होने वाले स्थानों पर त्वरित कार्रवाई और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।





