भोपाल में गंदगी फैलाने वालों पर निगम की सख्ती, 5 मामलों में 49 हजार रुपये का जुर्माना

भोपाल, 11 अगस्त 2026। नगर निगम भोपाल ने खुले में सीवेज छोड़ने, अवैध रूप से डेयरी संचालित करने और सड़क पर मिट्टी फैलाकर सफाई व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निगम अमले ने 5 प्रकरणों में कुल 49 हजार रुपये का स्पॉट फाइन और जुर्माना वसूल किया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग का अमला सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है। इसी अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
ओरियेंटल कॉलेज पर 25 हजार का जुर्माना
नगर निगम ने ओरियेंटल कॉलेज द्वारा खुले में सीवेज छोड़े जाने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। निगम ने खुले में सीवेज छोड़ने को स्वच्छता नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।
RBI कॉलोनी में मिट्टी फैलाने पर 10 हजार रुपये का फाइन
RBI कॉलोनी के 07 नंबर क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर बड़ी मात्रा में मिट्टी बहने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। निगम अमले ने संबंधित श्रमिकों को मौके पर बुलाकर सड़क की सफाई कराई। साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
3 अवैध डेयरियों पर 13 हजार की कार्रवाई
जोन क्रमांक 11 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 70 की छोटी चंबल कॉलोनी में गोवर्धन परियोजना शाखा के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। यहां गंदगी फैलाने वाली अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन डेयरी संचालकों से कुल 13 हजार रुपये का चालान वसूला गया।
नगर निगम ने साफ-सफाई और पर्यावरण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। निगम ने नागरिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की है।





