भोपाल। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने भोपाल मंडल से होकर चलने वाली कानपुर सेंट्रल–मदुरई साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। इसके अलावा रक्षाबंधन पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन के बीच विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।
कानपुर–मदुरई स्पेशल के 13 अतिरिक्त फेरे
गाड़ी संख्या 01925 कानपुर सेंट्रल–मदुरई साप्ताहिक विशेष ट्रेन 2 सितंबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। इस अवधि में इसके 13 फेरे होंगे। ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 8:10 बजे रवाना होगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01926 मदुरई–कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन 5 सितंबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। इसके भी 13 फेरे होंगे। ट्रेन मदुरई से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, रामगुंडम, वारंगल, विजयवाड़ा, नेल्लोर, रेनिगुंटा, काटपडी, सालेम, करूर और डिंडीगुल सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरेगी।
रक्षाबंधन पर रानी कमलापति–निजामुद्दीन स्पेशल
रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए गाड़ी संख्या 02157 रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन 30 अगस्त 2026 को चलेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से रात 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 02158 हजरत निजामुद्दीन–रानी कमलापति विशेष ट्रेन 31 अगस्त को नई दिल्ली से दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर रात 11:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।
मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन विदिशा, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, मथुरा जंक्शन और पलवल स्टेशनों पर ठहरेगी।
22 कोच की होगी रक्षाबंधन स्पेशल
विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआर/डी, 4 सामान्य श्रेणी, 12 स्लीपर, 3 वातानुकूलित थ्री-टियर और 1 वातानुकूलित सेकंड क्लास कोच शामिल हैं। इससे रक्षाबंधन के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
