भोपाल। राजधानी भोपाल में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में विकसित किए जा रहे संत हिरदाराम नगर ई-बस चार्जिंग डिपो का शुक्रवार को महापौर मालती राय ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन डिपो में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कर डिपो का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, महापौर परिषद सदस्य मनोज राठौर सहित नगर निगम एवं भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) के अधिकारी उपस्थित रहे।
मेंटेनेंस वर्कशॉप और एडमिन यूनिट का लिया जायजा
महापौर ने निरीक्षण के दौरान मेंटेनेंस वर्कशॉप में चल रहे सिविल कार्यों, प्रशासनिक भवन (एडमिन यूनिट) की फिनिशिंग, ई-बस चार्जिंग प्रणाली, बसों के संचालन मार्ग तथा डिपो परिसर में बसों की पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को मेंटेनेंस वर्कशॉप के सभी निर्माण कार्य, प्रशासनिक भवन के शेष कार्य तथा अन्य अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर पेवर ब्लॉक लगाने के भी निर्देश दिए गए।
जल्द शुरू होगा डिपो संचालन
महापौर मालती राय ने कहा कि सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कर ई-बस चार्जिंग डिपो का संचालन जल्द प्रारंभ किया जाए, ताकि शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को गति मिल सके।
भोपाल आएंगी 65 नई ई-बसें
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापौर को जानकारी दी कि जल्द ही 65 नई इलेक्ट्रिक बसें भोपाल पहुंचने वाली हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस चार्जिंग स्टेशन पर एक ई-बस को पूरी तरह चार्ज करने में लगभग एक से सवा घंटे का समय लगेगा।
नगर निगम का मानना है कि ई-बस चार्जिंग डिपो शुरू होने के बाद राजधानी में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मजबूती मिलेगी और शहर में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का विस्तार होगा।