भोपाल में AI आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम होगा विकसित, सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर और पुलिस आयुक्त ने लिए अहम फैसले

ोपाल। राजधानी भोपाल में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) का निरीक्षण कर इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीकों से और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा यातायात प्रबंधन को तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया।

स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

16 ब्लैक स्पॉट की समीक्षा, कई स्थानों पर सुधार कार्य तेज करने के निर्देश

बैठक में जिले के चिन्हित 16 ब्लैक स्पॉट की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 1250 चौराहा, हबीबगंज, 1100 क्वार्टर तथा व्यापम-तरुण पुष्कर क्षेत्र में सुधार कार्य प्रगति पर हैं।

कलेक्टर ने गोविंदपुरा, ट्रेनिंग सेंटर और आईएसबीटी क्षेत्र में लंबित कार्य तत्काल शुरू करने तथा स्वीकृत लेफ्ट टर्न निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

ई-रिक्शा संचालन होगा व्यवस्थित, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने, आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू करने तथा मुख्य मार्गों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस, नगर निगम और संबंधित एसडीएम को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को दी जा रही सहायता की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 174 प्रकरण प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 110 मामलों में स्वीकृति प्रदान कर पात्र हितग्राहियों को राहत राशि वितरित की जा चुकी है।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और एनआईसी के बेहतर समन्वय से शेष मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हेलमेट पहनने वालों को मिलेंगे प्रोत्साहन कूपन

सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए समिति ने कई नए निर्णय लिए। अब शहर के मल्टीप्लेक्स और सिनेप्लेक्स में हेलमेट उपयोग को बढ़ावा देने वाली लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

इसके अलावा, आईटीएमएस के माध्यम से चयनित अवसरों पर हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को स्थानीय रेस्टोरेंट के प्रोत्साहन कूपन दिए जाएंगे। सभी शासकीय विभागों में विभागाध्यक्ष अपने कर्मचारियों के बीच शत-प्रतिशत हेलमेट उपयोग सुनिश्चित करेंगे। पुलिस और जिला सड़क सुरक्षा समिति समय-समय पर जनजागरूकता अभियान भी चलाएगी।

स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग और स्पीड ब्रेकर पर रहेगा फोकस

पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों पर स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग तथा मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं।

बैठक में नादरा बस स्टैंड को नए बस स्टैंड परिसर में स्थानांतरित करने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजने का भी निर्णय लिया गया।

आईटीएमएस के जरिए होगी सख्त निगरानी

बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार, इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का प्रभावी संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने तथा गोल्डन ऑवर के दौरान दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग करने और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आईटीएमएस आधारित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। समिति ने ‘राहवीर’ जैसी सड़क सुरक्षा पहलों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया।

Exit mobile version