भोपाल में सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने प्रमुख चौराहों का किया संयुक्त निरीक्षण
भोपाल। राजधानी भोपाल में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर यातायात सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा, स्मार्ट सिटी मार्ग और बागसेवनिया चौराहा का दौरा कर मौजूदा यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा उपायों और यातायात संचालन की स्थिति का निरीक्षण किया।
लेफ्ट टर्न को बाधारहित बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न को पूरी तरह बाधारहित और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यस्त समय में भी यातायात का प्रवाह बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार और ट्रैफिक प्रबंधन के उपाय शीघ्र लागू किए जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को जेब्रा क्रॉसिंग, स्पष्ट यातायात संकेतक (साइनेज) तथा सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
स्मार्ट सिटी और डिपो चौराहे पर होगा सुधार कार्य
कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने स्मार्ट सिटी क्षेत्र और डिपो चौराहे का भी विस्तार से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और चिन्हित यातायात हॉटस्पॉट्स पर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य किए जाएंगे।
विभागों के समन्वय से होंगे सुधार
प्रशासन के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम, स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस के संयुक्त समन्वय से चिन्हित स्थानों पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। इन कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान नगर निगम, स्मार्ट सिटी, राजस्व विभाग और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।