218 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते मिले, रेलवे की औचक जांच जारी
भोपाल। बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई के लिए भोपाल मंडल ने भोपाल, अशोकनगर और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। तीनों अभियानों में कुल 218 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते मिले। इनसे रेलवे ने 1,26,490 रुपए का रेल राजस्व वसूल किया।
अशोकनगर में पहली बार किलाबंदी जांच
अशोकनगर स्टेशन पर पहली बार किलाबंदी टिकट जांच की गई। मुख्य टिकट निरीक्षक नरेंद्र जाटव के नेतृत्व में छह टिकट जांच कर्मचारियों ने जांच की। इस दौरान 66 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते मिले। उनसे 47,200 रुपए वसूले गए।
इटारसी में 76 यात्री पकड़े
इटारसी स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक हेमंत सोनी के नेतृत्व में 11 कर्मचारियों ने टिकट जांच की। यहां 76 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पाए गए। इनसे 61,090 रुपए का रेल राजस्व वसूल किया गया।
भोपाल में रेलवे मजिस्ट्रेट की जांच
भोपाल स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट अनुराग खरे के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच की। मुख्य टिकट निरीक्षक सुनील वर्गीस और चार टिकट जांच कर्मचारियों ने कार्रवाई में सहयोग किया। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 18,200 रुपए वसूले गए।
संयुक्त टीम ने भोपाल स्टेशन के साथ ट्रेनों में भी औचक निरीक्षण किया। गाड़ी संख्या 12174 उद्योगनगरी एक्सप्रेस और 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस में खानपान, वेंडिंग व्यवस्था, साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के साथ बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए इस तरह के आकस्मिक टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
