बी-38 रूट पर 10 बसों से शुरुआत, 21 सितंबर से पांच और बसें चलेंगी; किराया 6 से 40 रुपए तक
भोपाल। राजधानी में ई-बस सेवा का दायरा शुक्रवार से और बढ़ गया। बैरागढ़ से मंडीदीप के बीच बी-38 रूट पर 10 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है। इस रूट के शुरू होने से होशंगाबाद रोड की करीब 300 कॉलोनियां पहली बार सीधे ई-बस सेवा से जुड़ गई हैं। इससे एमपी नगर, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, न्यू मार्केट और बैरागढ़ रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रमुख हिस्सों तक आवागमन आसान होगा।
33.6 किमी का रूट, 15 बसें चलाने की योजना
बी-38 रूट की बसें बैरागढ़ ई-बस डिपो से रवाना होकर बोर्ड ऑफिस चौराहा और मेट्रो स्टेशन होते हुए एचईजी मंडीदीप तक जाएंगी। रास्ते में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-5, डीआरएम मेट्रो स्टेशन, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, बागसेवनिया, आशिमा मॉल, आरकेडीएफ, मिसरोद, 11 मील, इंडस टाउन, चिनार ड्रीम सिटी और सतलापुर जैसे प्रमुख क्षेत्र जुड़ेंगे। इस रूट पर कुल 15 बसें चलाने की योजना है। 21 सितंबर से पांच और बसें शामिल की जाएंगी।
5 हजार यात्रियों को अतिरिक्त लाभ
बी-38 के शुरू होने से राजधानी में ई-बस के रूट की संख्या बढ़कर चार और बसों की संख्या 40 हो गई है। वर्तमान में ई-बसों से रोजाना औसतन करीब 10 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। नए रूट से करीब 5 हजार यात्रियों को अतिरिक्त लाभ मिलने का अनुमान है। इससे मंडीदीप और होशंगाबाद रोड की ओर रोजाना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।
किराया 6 से 40 रुपए तक
बी-38 रूट से बैरागढ़, कोलार रोड, एमपी नगर, न्यू मार्केट, बावड़ियाकलां, सलैया, रोहित नगर, अशोका गार्डन, सुभाषनगर, कोहेफिजा और पीर गेट समेत कई इलाके जुड़ेंगे। दूरी के अनुसार किराया 6-7 रुपए से शुरू होकर अधिकतम 40 रुपए तक रहेगा।
नई ई-बसों में दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। इनमें हाइड्रोलिक दरवाजे लगाए गए हैं, जिससे ट्राइसिकल और व्हीलचेयर के साथ चढ़ना-उतरना आसान होगा। दरवाजे के सामने दो व्हीलचेयर या ट्राइसिकल खड़े करने की जगह भी उपलब्ध है।
30 जुलाई से शुरू हुई थी सेवा
भोपाल में पीएम ई-बस सेवा की शुरुआत 30 जुलाई को 10 बसों से हुई थी। 18 अगस्त को 10 और बसें जोड़ी गईं। इसके बाद 10 और बसों के आने से संख्या 30 हुई और अब बी-38 रूट पर 10 बसों के संचालन के साथ कुल संख्या 40 हो गई है। फिलहाल बी-35, बी-36 और बी-37 रूट पर भी ई-बसें संचालित हो रही हैं।
—
