मक्का की फसल को भारी नुकसान, उड़द में भी फसल प्रभावित होने की शिकायत
भोपाल। सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसानों ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि मौसम की मार से मक्का की फसल को भारी नुकसान हुआ है। उड़द की फसल भी प्रभावित हुई है। किसानों ने प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर उचित राहत और मुआवजा दिलाने की मांग की।
किसानों की शिकायत पर मंत्री राजपूत ने सागर कलेक्टर, एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरखी, जैसीनगर और राहतगढ़ सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारी मौके पर जाकर फसलों की स्थिति का आकलन करें। सर्वे में नुकसान का वास्तविक आकलन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर राहत मिल सके।
मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के मामले में सरकार किसानों के साथ है। उन्होंने अधिकारियों को सर्वे कार्य में लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित किसानों की स्थिति का सही आकलन करने के निर्देश दिए। किसानों ने समस्याएं सुनने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने पर मंत्री का आभार जताया।
